
लेखिका – शिवानी 
प्रकाशक – राधाकृष्ण पेपरबैक्स
“कालिंदी” सिर्फ एक उपन्यास नहीं हैं बल्कि एक गहरी अनुभूति की शुरुआत है जो पाठक को भीतर तक छू जाती है।
यह कृति एक स्त्री के आत्मसम्मान, संघर्ष और समाज से टकराने की कहानी को बेहद संवेदनशीलता और सजीवता के साथ प्रस्तुत करती है। नायिका डॉ. कालिंदी का व्यक्तित्व दृढ़, स्वाभिमानी और आत्मनिर्भर है। वह अपने जीवन के निर्णय स्वयं लेती है और उन निर्णयों की कीमत भी पूरी दृढ़ता से चुकाती है। यही उसे एक साधारण पात्र से असाधारण बना देता है।
उपन्यास में कालिंदी की मां (ईजा) अन्नपूर्णा का निःस्वार्थ त्याग, देवेंद्र का आंतरिक द्वंद्व और रिश्तों की जटिल परतें मिलकर एक ऐसा यथार्थ रचती हैं, जो कहीं न कहीं हर पाठक को अपना-सा लगता है। पुस्तक में कुमाऊँ की पृष्ठभूमि विशेषकर अल्मोड़ा और उसके आसपास के अंचल का जीवंत चित्रण इस रचना की आत्मा है। यहां की मिट्टी, हवा, संस्कृति और लोकजीवन शब्दों के माध्यम से जैसे सजीव हो उठते हैं।
“कालिंदी” केवल एक स्त्री की कथा नहीं हैं। इसमें तो अनेकों अनगिनत स्त्रियों की सामूहिक गाथा है जो आधुनिकता और परंपरा के बीच संतुलन बनाने की कोशिश में निरंतर स्वयं को खोजती रहती हैं। यह उपन्यास यह एहसास कराता है कि नारी केवल सहने के लिए नहीं बनी है। उपन्यास के नारी पात्रों का अपने निर्णयों पर अडिग रहना और अपनी पहचान गढ़ना इसका मजबूत पहलू है।
एक पाठक के शब्द इस कृति के प्रभाव को बेहद खूबसूरती से व्यक्त करते हैं—
"कालिंदी पढ़ते हुए ऐसा लगता है मानो मैं फिर से उसी पुराने अल्मोड़ा में लौट गया हूँ।"
स्वयं लेखिका के शब्द—
"मुझे लगा जैसे मुझे कुमाऊँ का सर्वोच्च साहित्य पुरस्कार मिल गया।"
यह लेखिका के पाठकों के प्रति उनके गहरे जुड़ाव और समर्पण को दर्शाते हैं।
डॉ. कालिंदी एक स्वयंसिद्धा स्त्री है, जो जीवन के हर झंझावात का सामना अपनी शर्तों पर करती है। यह उपन्यास कुमाऊँ की स्त्री शक्ति, उसके लंबे शोषण, उसकी अदम्य सहनशीलता और जिजीविषा का सशक्त दस्तावेज़ है। साथ ही यह नए और पुराने मूल्यों के टकराव और उनके पुनर्सृजन की कथा भी कहता है।
अन्नपूर्णा और कालिंदी जैसे पात्र आज भी हमारे समाज के हर कोने में मौजूद हैं जो लिए हुए हैं अपने भीतर अपार प्रेम, त्याग और संघर्ष को। यही इस उपन्यास को कालजयी बनाता है।
विशाल चन्द @reading_owl.3
https://www.facebook.com/vishal.chandji
https://www.instagram.com/reading_owl.3
विशाल चन्द जी समाजशास्त्र के शोधार्थी, पाठक और संवेदनशील शिक्षार्थी हैं। नवीन ज्ञान अर्जन और सतत सीखना आपके व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा है। पुस्तकों का पठन और संग्रहण आपको विशेष प्रिय है।
आपके भीतर एक घुमक्कड़ चेतना भी सक्रिय है, जो आपको नए लोगों, स्थानों और अनुभवों से जोड़ती रहती है। बागवानी आपके लिए प्रकृति से संवाद का माध्यम है।
आप समाज को अपने स्वतंत्र दृष्टिकोण से देखने और विभिन्न समूहों के साथ मिलकर सामाजिक दायित्वों के निर्वहन को निरंतर प्रयासरत रहते हैं।
जिस तरह बूँद-बूँद से सागर बनता है वैसे ही एक समृद्ध साहित्य कोश के लिए एक एक रचना मायने रखती है, एक लेखक/कवि की रचना आपके जीवन/अनुभवों और क्षेत्र की प्रतिनिधि है यह मददगार है उन लोगों के लिए जो इस क्षेत्र के बारे में जानना समझना चाहते हैं उनके लिए ही साहित्य के कोश को भरने का एक छोटा सा प्रयास है यह वेबसाइट ।
वेबसाइट के उद्देश्य के बारे में जानने के लिए यहां क्लिक करें।
अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो Lovekushchetna@gmail.com पर ईमेल करें।