प्यारे दोस्तों,
विविधताओं और संभावनाओं से भरी इस दुनिया में हम सभी भांति- भांति के पौधों और
दरख्तों जैसे हैं।
जिनमें देश का भविष्य, समाज की उम्मीद और मानवीयता समाई हुई है। मैं तुमसे किसी परीक्षा में फेल या पास होने या अमुक प्रतिशत अंकों की बात नहीं करना चाहता, मैं तुम्हारे मन, तुम्हारे सपनों और इस दुनिया को और बेहतर बनाने में तुम क्या कर
सकते हो? यह बात करना चाहता हूँ।
मुझे लगता है कि हमें अपने सपनों को पूरा करने और एक बेहतर समाज के लिए खुद को तैयार करने में किताबें बहुत मदद करती हैं। हमारा जो भी व्यक्तित्व बनता है, उसमें किताबों का योगदान महत्वपूर्ण है।
हर पुस्तक एक अलग दिशा में खुलती हुई खिड़की है, जो तुम्हें दुनिया के नए रंग, अलग-अलग परिप्रेक्ष्य दिखाती है।
ऐसी पढ़ाई केवल जानकारी नहीं, बल्कि असल ज्ञान बनती है।
इस प्रक्रिया में सवाल आने जरूरी हैं।
मन में उठने वाले हर सवाल को केवल अपने अंदर तक मत रहने दो, जब तुम पूछते हो “यह क्यों हुआ?, क्या इससे बेहतर कुछ हो सकता है?, “क्या यह
सबके लिए उचित होगा?
तो तुम केवल उत्तर नहीं खोजते, तुम सोचना सीखते हो।
जवाब देना सीखते हो। किस तरह का जबाव देना ठीक होगा या कई तरह के जवाब कैसे दिये जाएँ? ये सारी बातें सीख पाते हो।
याद रखो, दुनिया की हर बड़ी खोज, हर अच्छा बदलाव और हर नया रास्ता किसी न किसी बच्चे के एक सरल सवाल से ही शुरू हुआ है।
कभी-कभी तुम्हें लग सकता है कि तुम छोटे हो, तुम्हारी बात कोई सुनेगा नहीं, पर इसका अर्थ यह नहीं कि तुम कोशिश करने से पीछे हट जाओ। तुम्हारी आवाज़ मायने रखती है।
जब तुम सही बात कहते हो, गलत का विरोध करते हो और अपने विचार विनम्रता व आत्मविश्वास से रखते हो, तो हर बात सुनी जाती है। ऐसे ही प्रयासों से हमें आत्मविश्वास
मिलता है। लेकिन हमें यह भी ध्यान रखना होगा कि यह आत्मविश्वास अहंकार में ना बादल जाए। यह उस भरोसे का नाम है जो तुम्हें एकबार असफल होने पर भी दोबारा कोशिश करने के लिए प्रेरित करता है।
आज के देश-समाज को लेकर मेरे तुम सभी से कुछ आग्रह भी हैं। ये आग्रह तुम्हें अपने सपनों के पूरा होने की राह में कुछ सीढ़ियों जैसे लग सकते हैं।
सच बोलना, कठिन परिस्थितियों भी में ईमानदार रहना, किसी की मदद करना, बड़ों का सम्मान व छोटों से प्रेम करना और प्रकृति की रक्षा करना, ये बातें केवल नैतिक शिक्षा के पाठ नहीं हैं। ये वे मूल्य हैं जो तुम्हें एक
बेहतर इंसान और एक अच्छा नागरिक बनाते हैं। जो बच्चा आज छोटे-छोटे कामों में ईमानदारी दिखाता है, वह कल देश के लिए बड़े और भरोसेमंद फैसले ले सकता है।
देश केवल झंडा, गान या जमीन का टुकड़ा भर नहीं है। देश वह है, जहाँ हम रहते हैं, खेलते-बड़े होते हैं और अपने सपने देखते और उन्हें जीते हैं। इसलिए उसका ध्यान रखना हम सबकी ज़िम्मेदारी है। साफ-सफाई, पानी की बर्बादी रोकना, पेड़ लगाना, बुजुर्गों की मदद करना,
सड़क पर नियम मानना और भेदभाव न करना, ये सभी देशप्रेम के व्यावहारिक रूप हैं।
मेरे दोस्तों, तुम जैसे सोचोगे और प्रगति करोगे, देश वैसे ही उन्नति करेगा, तुम्हारे सपने देश के सपने हैं।
उन्हें पढ़ाई, परिश्रम, साहस, ईमानदारी और प्रेम से पूरा करो।
तुम्हारा भविष्य उज्ज्वल हो, तुम्हारे सवाल सार्थक हों और तुम्हारा हृदय सदा देश व मानवता के लिए जागता रहे।
तुम्हारा दोस्त
अंकित
उत्तराखण्ड
अंकित मिश्रा जी हिन्दी विषय के विद्यार्थी हैं| उनका काम कक्षा- कक्ष में ऐसे हिन्दी शिक्षण को लेकर उन्मुख है जिसमें भाषाई कौशलों की सर्वोत्तम स्थिति बच्चों को हासिल कराई जा सके| उन्हें सम- सामयिक विषयों पर कविताएँ लिखना भी पसंद है|
अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं और बच्चों तक अपनी समझ/बात पहुँचाने के निमित्त व्यक्तिगत क्षमता में लिखे गए हैं, इन्हें किसी भी संगठन की राय न माना जाए|
अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें
फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |
शुभकामनाएं