Recent Articles Related To बच्चों के नाम पत्र

प्रिय बच्चों के नाम पत्र - सुमित पाण्डेय, शिवालिक चिल्ड्रन साइंस फाउंडेशन

प्रस्तुत है आप सबके लिए, आगामी संकलन, " पौध - छोटी सी पुस्तक, बड़ी सी दुनिया " से एक अंश

प्रिय बच्चों,

जब धरती पर पहली बार किसी बच्चे की हँसी गूँजी होगी, तो मुझे लगता है कि वह दुनिया की पहली प्यारी कविता बन गयी होगी।

​प्यारे बच्चों, तुम्हारी यह छोटी-सी उम्र और तुम्हारी ये चमकती आँखें सिर्फ एक दौर नहीं हैं, बल्कि हम सबके आने वाले कल की सबसे बड़ी उम्मीद हैं। जब मैं तुम्हें आसमान के तारों को ताकते या ज़मीन पर किसी नन्ही चींटी को मेहनत करते देखता हूँ, तो मुझे साफ दिखता है कि तुम सब कितने खास हो। सच कहूँ तो, इसी रुद्रपुर और हल्द्वानी के बीच जब मैं बच्चों के बीच होता हूँ, तो मुझे एहसास होता है किताबी ज्ञान से कहीं ज्यादा कीमती तुम्हारी ये जिज्ञासाएँ हैं।

​मुझे याद है, कुछ महीने पहले जब मैं लालकुआं  के एक स्कूल में विज्ञान की कार्यशाला कर रहा था, तो एक छोटी बच्ची ने मुझसे बहुत मासूमियत से पूछा था—"भैया, जब हम रात को सोते हैं, तो सपने सिर्फ हमारे दिमाग में आते हैं , क्या वो सही में होते है ?" उस एक सवाल ने मुझे घंटों सोचने पर मजबूर कर दिया था। यही तो असली विज्ञान है—चीजों को रटना नहीं, बल्कि उनके पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को टटोलना। जब तुम हर बात पर सवाल पूछना शुरू करते हो, तो तुम उन पुरानी रूढ़ियों को तोड़ देते हो जो हमें आगे बढ़ने से रोकती हैं।

​किताबें पढ़ना जरूरी है, लेकिन शिक्षा सिर्फ चार दीवारों में बंद नहीं होती। शिक्षा तो वह है जो हमें अपने आस-पास के समाज से जोड़े। जैसा कि पीटर ग्रे जैसे विचारकों ने भी कहा है कि बच्चे समाज और प्रकृति के बीच रहकर सबसे बेहतर सीखते हैं। इसलिए, अपने इर्द-गिर्द देखो और हर उस इंसान के काम की इज्जत करना सीखो जो इस दुनिया को चला रहा है—चाहे वह खेतों में पसीना बहाता किसान हो, हमारे स्कूल की सफाई करने वाला कर्मचारी हो, या सीमा पर खड़ा सुरक्षाकर्मी हो। जब तक हम हर छोटे-बड़े श्रम का सम्मान करना नहीं सीखेंगे, तब तक एक अच्छा समाज नहीं बन सकता।

​आजकल हम अक्सर टीवी और अखबारों में बड़ी-बड़ी बातें सुनते हैं, लेकिन सच्ची देशभक्ति नारों में नहीं, बल्कि जमीन पर बसने वाले इंसान से प्यार करने में है। देशभक्ति का मतलब है—सही को सही और गलत को गलत कहने की हिम्मत रखना। अगर कहीं कुछ गलत हो रहा है, तो उस पर सवाल उठाओ। डरो मत।

​तुम सबके अंदर असीम ताकत छिपी है। बस जरूरत है उसे एक सही दिशा देने की। अपने सपनों को कभी छोटा मत समझना। आज जो छोटे-छोटे सपने तुम्हारी आँखों में पल रहे हैं, कल वही इस देश की तस्वीर बदलेंगे। खूब पढ़ो, जी भरकर खेलो, सवाल पूछो और सबसे बढ़कर—एक अच्छे और संवेदनशील इंसान बनो।

​तुम्हारा बड़ा भाई,

सुमित पांडे

(संस्थापक एवं अध्यक्ष, शिवालिक चिल्ड्रेन साइंस फाउंडेशन)

अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखिका के व्यक्तिगत विचार हैं और पाठकों तक अपने अनुभव पहुँचाने के निमित्त लिखे गए हैं, पाठकों के अनुभव इससे भिन्न भी हो सकते हैं|  


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं

Read More
प्रिय बच्चों के नाम पत्र - हिमांशु जी (पत्रकार)

प्रस्तुत है आप सबके लिए, आगामी संकलन, " पौध - छोटी सी पुस्तक, बड़ी सी दुनिया " से एक अंश

 

प्यारे बच्चों,

 

उम्मीद है आप सब अच्छे होंगे। बहुत समय से आप सबसे बात करना चाहता था, लेकिन मौका ही नहीं मिल पा रहा था। कुछ दिनों बाद बाल दिवस है, तो सोचा कि उससे पहले आप सबके लिए यह चिट्ठी लिख दूं।

 

आप सबको देखता हूं, तो सोचता हूं कि आजकल बच्चे किन बातों पर चर्चा करते होंगे।

 

WWE, फिल्मी सितारे, क्रिकेटर्स, क्या आज भी ये सब आपकी बातों का हिस्सा हैं? हम तो इन्हीं के बारे में बातें किया करते थे। लेकिन मुझे लगता है कि हमें इन सबके साथ अपने आसपास की नदियों, नालों और कचरे के ढेर के बारे में भी बात करनी चाहिए। आखिर हमारा आने वाला कल इस बात पर भी निर्भर करता है कि हम आज अपने आसपास की प्रकृति का कितना ध्यान रखते हैं। अगर हम आज पानी, पेड़ पौधों, हवा और दूसरी प्राकृतिक चीजों को बचाने की कोशिश करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को भी ये सब अच्छी हालत में मिल पाएगा।

 

टीवी तो आप शायद ही देखते होंगे, क्योंकि अब उसकी जगह मोबाइल फोन ने ले ली है। वीडियो गेम, क्रिकेटर्स और रेसलर्स वाले कार्ड, कैरम और लूडो, पता नहीं ये सब अब भी आपकी दुनिया में शामिल हैं या नहीं।

 

क्रिकेट, फुटबॉल और दूसरे खेल भी क्या अब पहले जितने खेले जाते हैं? कहीं इसकी वजह खेलने की अच्छी जगहों की कमी तो नहीं? या फिर हम मोबाइल में ही इतने खो गए हैं कि बाहर खेलने का समय ही नहीं बचता?

 

बच्चों, क्या आपको पता है कि मोबाइल का ज्यादा इस्तेमाल हमारे शरीर और दिमाग पर असर डाल सकता है? मोबाइल से हम बहुत कुछ सीख सकते हैं, लेकिन अगर हम हर समय उसी में लगे रहें, तो खेलने, पढ़ने और परिवार के साथ समय बिताने का मौका कम हो जाता है।

 

चलो, यह तो हो गई आज की बात। अब बात करते हैं आने वाले कल की।

 

स्कूल की किताबों के अलावा आप और कितनी किताबें पढ़ते हैं?

 

पता है, मैं एक बच्चे को जानता हूं। वह सिर्फ सात साल की उम्र में हजारों किताबें पढ़ चुका है। उसके पास ऐसी सुविधा है कि वह बिना ज्यादा पढ़ाई किए भी आराम से अपनी जिंदगी बिता सकता है। फिर भी वह किताबें पढ़ता है।

 

आओ, मैं आपको बताता हूं कि किताबें पढ़ना इतना जरूरी क्यों है।

 

हम ऐसे समय में जी रहे हैं, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तेजी से हमारी जिंदगी का हिस्सा बन रहा है। AI एक ऐसी तकनीक है, जो हमारे सवालों के जवाब दे सकती है, नई चीजें समझने में मदद कर सकती है और हमारे कई काम आसान बना सकती है।

 

लेकिन बच्चों, क्या हर काम के लिए AI पर निर्भर रहना सही होगा? अगर हम हर सवाल का जवाब उसी से पूछेंगे और खुद सोचने की कोशिश ही नहीं करेंगे, तो हम नई बातें कैसे सीखेंगे?

 

AI का इस्तेमाल करना गलत नहीं है। जरूरत इस बात की है कि हम उसका इस्तेमाल करने के साथ अपना दिमाग भी लगाएं। AI से कोई जवाब मिले, तो यह भी सोचें कि वह सही है या नहीं। सवाल पूछें, नई बातें जानें और अपनी समझ बढ़ाएं।

 

यहीं पर किताबें हमारी मदद करती हैं।

 

किताबें पढ़ने से हमें नई नई बातें पता चलती हैं। हम दूसरों की जिंदगी के बारे में जानते हैं, उनकी खुशियां और दुख समझते हैं और दुनिया को देखने का हमारा नजरिया बदलता है। किताबें हमें यह भी सिखाती हैं कि मुश्किल समय में कैसे सोचना है और दूसरों के साथ कैसा व्यवहार करना है।

 

AI हमें बहुत सारी जानकारी दे सकता है, लेकिन उस जानकारी का सही इस्तेमाल करना हमें खुद सीखना होगा। हमें यह समझना होगा कि क्या सही है, क्या गलत है और हमारे काम से दूसरों पर क्या असर पड़ेगा।

 

इसीलिए बच्चों, खूब किताबें पढ़ो, सवाल पूछो और नई चीजें सीखते रहो। AI से डरो मत, उसे समझो और उसका सही इस्तेमाल करना सीखो। अपनी सोच को इतना मजबूत बनाओ कि AI तुम्हारी मदद तो करे, लेकिन तुम्हारे बदले सोचना शुरू न कर दे।

 

तो बच्चों, खूब खेलो कूदो, पढ़ो लिखो और आगे बढ़ो।

 

और हां, मोबाइल बिल्कुल मत छोड़िए। आखिर दुनिया बदल रही है और आपको भी उसके साथ चलना है। मोबाइल से पढ़िए, नई चीजें सीखिए और अपने हुनर को बढ़ाइए। बस इतना जरूर याद रखिए कि मोबाइल आपका इस्तेमाल करे या आप मोबाइल का, यह फैसला आपके हाथ में होना चाहिए।

 

आपका अपना

हिमांशु भैया

 

अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं और बच्चों तक अपनी समझ/बात पहुँचाने के निमित्त व्यक्तिगत क्षमता में लिखे गए हैं, इन्हें किसी भी संगठन की राय न माना जाए|


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं

 

Read More
प्रिय बच्चों के नाम पत्र - सौम्या गुप्ता, लेखिका

हमारे प्यारे बच्चों,

             मैं तुम्हारी सौम्या दीदी, मैं इस पत्र के द्वारा तुम सबसे बात करना चाहती हूँ।

बच्चों आपको याद है जब आप बोल नहीं पाते थे तो आप भूख लगने पर क्या करते थे? आपका जवाब होगा कि रोते थे। ये रोना एक भाव है साथ ही हंसना, उत्साहित होना भी।

            आप जब स्कूल से आते हो तो अपनी मम्मा से, पापा से, दादा-दादी या भाई-बहन से अपनी बातें साझा करते हो। लेकिन क्या सच में ये बातें भी होती हैं, जैसे कि आपको स्कूल में कुछ अच्छा लगता है या बुरा, और यही अच्छा या बुरा लगना भावनाएँ हैं। हमें इस पर जरुर बात करनी चाहिए और समझना चाहिए कि हमें कुछ भी अच्छा या बुरा क्यों लगता है|

              आपको पत्र लिख रही हूँ तो एक बात जो बार बार याद आ रही है वो है कि आपको तो दोस्तों के साथ खेलना, सबसे बात करना, पढ़ना इन सबसे ज्यादा एक बात अच्छी लगती है, वो है मोबाइल देखना। आपको ये मोबाइल देखना सबसे अच्छा लगता है। आप उससे किसी से भी बात कर पाते हो, गेम्स भी खेलते हो और रील्स और वीडियोज भी देखते हो।

             क्या आपको पता है? अगर हमें पहले अपनी बातें, कोई बहुत अच्छी बात या बुरी बात अगर किसी दूर बैठे व्यक्ति को बतानी होती थी तो हम चिट्ठी या पत्र लिखते थे और उसे पोस्ट बॉक्स में डालकर, कभी हफ्तों और कभी महीनों, उसके जवाब का इंतजार करते थे, लेकिन वो भी बहुत अच्छा लगता था। फिर हमारे पास टेलीफोन आ गए जिससे हम सिर्फ दूर बैठे इंसान से बात कर सकते थे। उसके बाद की पैड वाला मोबाइल फ़ोन जिससे हम बात के साथ टाइप करके मेसेज या सन्देश भी भेज पाते थे। उसके बाद स्लो इन्टरनेट स्पीड वाले मोबाइल फ़ोन, जिनमें अपनी जरुरत की जानकारी के लिए गूगल जैसे सर्च इंजन पर ब्राउज करने की सुविधा आ गयी| आज हमारे हाथ में जो मोबाइल है, उसपर बोलते ही ढेर सारी जानकारी या इनफार्मेशन मिल जाती है।

 

                  मोबाइल या कोई भी तकनीक बुरी नहीं होती है, उसका इस्तेमाल आप किसलिए करते हैं, जैसे आप मोबाइल से अपने आगे पढ़ाए जाने वाले पाठ के बारे में पहले से जान सकते हैं, उसे बेहतर समझने में इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर देश दुनिया के अलग-अलग जगहों के लोगों के रहन सहन, जीवन और कठिनाइयों और प्रयोगों को समझ सकते हैं, कुछ बेहतर सीख सकते हैं उनसे, उससे डांस सीख सकते हैं, एक हद तक गाना सीख सकते हैं, सिलाई और बहुत तरह के हुनर सीख सकते हैं, शतरंज  जैसे खेल और न जाने क्या-क्या स्किल्स सीख सकते हैं। अगर आप ऐसा ही कुछ करते हैं तो इस बात के लिए मैं आपको शाबाशी देती हूँ पर अगर आप सिर्फ मन बहलाने के लिए रील्स या वीडियोज देखते हैं तो मैं  आपकी तारीफ नहीं कर पाउंगी, मेरी नज़र में समझदारी की बात नहीं, अगर आप मोबाइल से नहीं सीखना चाहते तो कहानियों की किताबें पढ़िए, पत्रिकाएं पढ़िये, जाने माने लेखक डॉ विजय अग्रवाल कहते हैं कि हर कहानी सच्ची भले न हो उसमें कुछ सच्चाई जरूर होती है, वीडियो गेम्स खेलिए, गतिविधियों से जुड़े गैजेट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। पर मोबाइल के नशे में मत पड़िए। ये आपकी आंखों से लेकर पूरे नर्वस सिस्टम, आपके दिमाग और सबसे जरूरी आपकी मेंटल हैल्थ को प्रभावित करता है। आप चिड़चिड़े से हो सकते हैं, पाठ जल्दी याद नहीं होते और कुछ भी सीखने में बहुत ज्यादा समय लग सकता है, धीरे-धीरे आंखों की रोशनी कमजोर पड़ने लगती है और भी बहुत सारे प्रभाव आपके शरीर और मस्तिष्क पर पड़ते है।इसीलिए मैं कहूँगी कि 

मोबाइल की स्क्रीन का पीछा छोड़ो,

किताबों और खेलों से नाता जोड़ों, 

दोस्तों संग मचाओ उछल-कूद,

दादी-नानी से सुनो कहानी, 

पंछी कैसे उड़ते हैं, 

तारे क्यों टिमटिमाते हैं, 

देखो सबकुछ फिर सोचो, 

अपने प्रश्नों को पूछो,

इधर-उधर की बात करो कुछ, 

अपने मुख को तो खोलो,

कुछ अच्छा सीखो और देखो, 

पर मोबाइल कम से कम देखो। 

 

अनेकानेक शुभकामनाओं के साथ 

तुम्हारी सौम्या दीदी

 

 

अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं और बच्चों तक अपनी समझ/बात पहुँचाने के निमित्त व्यक्तिगत क्षमता में लिखे गए हैं, इन्हें किसी भी संगठन की राय न माना जाए|


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं

Read More
प्रिय बच्चों के नाम पत्र - डॉ शुभम तिवारी (एम.डी. मनोचिकित्सा)

प्रिय बच्चों,

आपसे कुछ बातें, आपके मन के बारे में 

"अपने मन का ख्याल रखना भी उतना ही ज़रूरी है जितना अपने शरीर का। जब हमारे मन में खुशी, उदासी, डर, गुस्सा या चिंता जैसी कोई भावना आए, तो उसे समझना और किसी भरोसेमंद व्यक्ति से अपनी बात साझा करना चाहिए।"

अपनी भावनाओं को शब्द देना हमें हल्का महसूस कराता है और हमें खुद को बेहतर समझने में मदद करता है।

अपने मन को स्वस्थ और जिज्ञासु रखने के लिए अच्छी किताबें पढ़ना भी एक सुंदर आदत है—किताबें हमें नई दुनिया से मिलाती हैं, कुछ नया सिखाती हैं और हमारी कल्पना को उड़ान देती हैं।


और हाँ, जीवन में हर बार हमें सफलता मिले, यह ज़रूरी नहीं। कभी-कभी हम असफल भी होते हैं, गलतियाँ भी करते हैं। लेकिन हर असफलता हमें कुछ सिखाने और अगली बार बेहतर करने का अवसर देती है। इसलिए अपनी भावनाओं को स्वीकार करें, मन की बात कहें, किताबों से दोस्ती करें और अपनी हर छोटी-बड़ी ठोकर को आगे बढ़ने की एक सीढ़ी बनाएं।"

आपके लिए हमेश मौजूद

 

आपका 

डॉ शुभम तिवारी 


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं

Read More
प्रिय बच्चों के नाम पत्र - डॉ. शिव प्रकाश वर्मा, रिसर्च एसोसिएट, स्लोवेनिया (यूरोप)

प्यारे बच्चों,

जब भी आप पढ़ाई के दौरान किसी प्रश्न का उत्तर खोजने में कठिनाई महसूस करें, तो उसके सही या गलत होने के डर से कभी पीछे मत हटिए।

सबसे पहले स्वयं प्रयास कीजिए और उस प्रश्न को हल करने के लिए पूरी मेहनत कीजिए। यदि फिर भी समाधान न मिले, तो अपने सहपाठियों या शिक्षक से चर्चा कीजिए अथवा हल किए गए उत्तर को देखकर समझने का प्रयास कीजिए। इसके बाद स्वयं का मूल्यांकन कीजिए कि आपसे कहाँ गलती हुई और आप उसे कैसे सुधार सकते हैं।

ऐसा करने से धीरे-धीरे आपका स्वयं पर विश्वास बढ़ेगा और आपका आत्मविश्वास मजबूत होगा। याद रखिए, गलतियाँ करना असफलता नहीं है, बल्कि सीखने की प्रक्रिया का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा है। जो विद्यार्थी कठिन प्रश्नों से घबराने के बजाय उनका सामना करना सीखता है, वह जीवन की कठिन परिस्थितियों का सामना करने में भी अधिक सक्षम बनता है।

  • यह परिवर्तन अचानक नहीं आएगा। नियमित अभ्यास, धैर्य और निरंतर प्रयास से ही आपमें कठिनाइयों से जूझने का साहस और सीखने के प्रति उत्साह विकसित होगा।
  • यही अभ्यास आगे चलकर आपको जीवन की विभिन्न समस्याओं को समझने, उनका उचित समाधान खोजने और सही निर्णय लेने में सक्षम बनाएगा।

हमेशा याद रखिए-अपने प्रयास पर विश्वास रखिए, गलतियों से सीखिए और तब तक प्रयास करते रहिए, जब तक आपको समाधान न मिल जाए।

मुझे आशा है कि मेरी यह छोटी-सी सीख आप सभी के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होगी।

आप सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएँ!

 

 

डॉ. शिव प्रकाश वर्मा
रिसर्च एसोसिएट, स्लोवेनिया
ईमेल: shiv15prakash@gmail.com

अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं और बच्चों तक अपनी समझ/बात पहुँचाने के निमित्त व्यक्तिगत क्षमता में लिखे गए हैं, इन्हें किसी भी संगठन की राय न माना जाए|


 

अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं

Read More
प्रिय बच्चों के नाम पत्र - शीतल भट्ट, रचनात्मक छात्रा

प्रस्तुत है आप सबके लिए, आगामी संकलन, " पौध - छोटी सी पुस्तक, बड़ी सी दुनिया " से एक अंश

प्यारे बच्चों,

कैसे हैं आप सभी?

आपसे कुछ बातें करना चाहती हूँ,

यह बचपन आपके जीवन का सबसे कीमती अवसर है, इसे खुलकर जियो।अपने आस-पास को जानो, समझो और अपनी जिज्ञासाओं को नए पंख दो।

  • अपना हर दिन खुशी और मस्ती के साथ जियो। खुद को कभी कम मत सोंचो,आपके पास वह सब करने की क्षमता है जो आप करना चाहते है,या होना चाहते है।
  • आपके पास सीखने के लिए बहुत सारे अवसर है, और खोने के लिए कुछ भी नहीं।
  • नए दोस्त बनाओ, उनके संग खेलो और पढ़ो|
  • कभी किसी साथी की मजाक सिर्फ़ इसलिए मत बनाना कि वह तुमसे अलग दिखता है,पढ़ना नहीं आता या किसी चीज को समझने में समय लेता है। हर किसी की अपनी रुचियां है और अपनी समझ।
  • आपमें से सब बच्चों की रुचियाँ अलग होगी। कुछ नई-नई किताबें पढ़ते होंगे, कोई चित्र बनाना पसंद करता होगा, कोई खेलना, तो कोई गाने और कहानियाँ सुनना। हर बच्चे की अपनी एक अलग पसंद, अपनी एक अलग दुनिया और अपने अलग सपने होते हैं। उन्हें अपने पसंदीदा रंगों से भरो। लेकिन ध्यान रहें किसी के भी रंग को धुंधला मत होने देना।

आप सभी साथ में सीखना, साथ में खेलना ,कभी तुम्हारे दोस्त को चोट लग जाए तो तुम उसका हाथ पकड़ उठा देना। यह दुनिया तुम्हारे हाथों से सबसे खूबसूरत बन सकती है।

बचपन जीवन का वह खूबसूरत समय है, जब छोटी-सी चीज भी हमें बहुत बड़ी खुशी दे सकती है। बारिश की बूंदों में खेलना, दोस्तों के साथ हँसना, नई कहानी सुनना, कोई सुंदर चित्र बनाना या किसी नई चीज के बारे में जानना—ये छोटी-छोटी खुशियाँ ही बचपन को खास बनाती हैं।

इसलिए प्यारे बच्चों, खूब खेलो, खूब हँसो और खूब सवाल पूछो।

अगर तुम्हारे मन में कोई सवाल आता है, तो उसे पूछने में कभी संकोच मत करना।

सवाल पूछना यह बताता है कि तुम कुछ नया सीखना चाहते हो।

किताबों को अपना दोस्त बनाओ, क्योंकि किताबें हमें ऐसी जगहों और ऐसी दुनिया तक ले जाती हैं, जहाँ हम शायद कभी न जा पाएँ।

  • वह हमें प्यार करना, करुणा और संवेदनशीलता से भरती है।
  • यह आपको एक ऐसी कहानी सुनायेगी जहां आप किसी की मदद कर रहें हो, जहां आप किसी की हिम्मत बन रहे हो, आपके भीतर वह गुण भर रही होंगी जिनकी समाज को जरूरत है।

पढ़ाई जरूरी है, लेकिन केवल किताबों से सीखना ही सीखना नहीं होता।

अपने आसपास के पेड़-पौधों को देखना, पक्षियों को पहचानना, दादा-दादी या नाना-नानी से उनकी पुरानी बातें सुनना, दोस्तों के साथ मिलकर कोई काम करना और अपनी गलतियों से सीखना भी शिक्षा का ही हिस्सा है।

और हाँ, कभी-कभी तुम्हें लगेगा कि तुम किसी काम में अच्छे नहीं हो या कोई दूसरा बच्चा तुमसे बेहतर कर रहा है। उस समय निराश मत होना।

हर बच्चा अलग होता है और हर किसी में कोई न कोई खास खूबी जरूर होती है।

किसी से अपनी तुलना करने के बजाय हर दिन खुद को कल से थोड़ा बेहतर बनाने की कोशिश करो।

 

अगर कभी तुमसे कोई गलती हो जाए, तो डरने की जरूरत नहीं है। गलती होना बुरा नहीं है, बल्कि गलती से कुछ सीखना बहुत जरूरी है। अपने माता-पिता, शिक्षकों और बड़ों से बात करो और अपनी बात खुलकर बताओ।

तुम्हारी भावनाएँ और तुम्हारी बातें भी बहुत महत्वपूर्ण हैं।

हम चाहते हैं कि तुम बड़े होकर केवल एक सफल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि एक अच्छे और संवेदनशील इंसान भी बनो।

  • ऐसा इंसान जो दूसरों की मदद करे, प्रकृति से प्यार करे, अपने दोस्तों का सम्मान करे और जरूरत पड़ने पर किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सके।
  • ईमानदार बनें, साहसी बनें, जिसके भीतर साहस हो गलत को गलत कहने का और सही की प्रशंसा करने का

अपने सपनों को छोटा मत समझना। आज तुम्हारे मन में जो छोटा-सा सपना है, वही कल तुम्हारे जीवन की सबसे बड़ी मंजिल बन सकता है। इसलिए सपने देखो, मेहनत करो और खुद पर विश्वास रखो,किसी काम को बड़ा या छोटा मत समझो। हर व्यक्ति का सम्मान करो, उसके काम का सम्मान करो। देखो एक किसान ,एक सफाईकर्मी ,एक सुरक्षाकर्मी सभी की अपनी भूमिका है।

तुम्हारा बचपन बहुत अनमोल है—इसे हँसी, खेल, किताबों, दोस्ती, सीखने और ढेर सारी खूबसूरत यादों से भर दो।

तुम सभी के उज्ज्वल भविष्य, अच्छी सेहत और ढेर सारी खुशियों के लिए मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएँ।

 

ढेर सारा प्यार

तुम्हारी दीदी

शीतल


शीतल जी, उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के एक दूरस्थ पहाड़ी गांव भट्टयूडा से आती हैं। आपने अपना परास्नातक, भूगोल विषय में लक्ष्मण सिंह मेहर कैंपस पिथौरागढ़ से किया है। आप सामाजिक खांचों में फिट नहीं होना चाहती, इसे इस परिप्रेक्ष्य मे देखें कि आप हर वह रिवाज नकारना चाहती हैं जो आपको एक लड़की होने का हवाला देकर कम आंकते हो।

किताबें संवेदनशील ,सामाजिक ,निर्भय और वैज्ञानिक चेतना देती हैं, अतः किताबें पढ़ना, नया जानते रहकर अपनी समझ को विस्तार देते रहना आपकी आदत मे शुमार है। आपको फिल्में देखना पसंद है, और घूमना भी। भूगोल आपको अपनी ओर खींचती है साथ ही  नए और रचनात्मक लोगों के साथ बात करने और उनके बारे में जानने को उत्सुक रहती हैं |


अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखिका के व्यक्तिगत विचार हैं और पाठकों तक अपने अनुभव पहुँचाने के निमित्त लिखे गए हैं, पाठकों के अनुभव इससे भिन्न भी हो सकते हैं|  


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं

Read More
प्रिय बच्चों के नाम पत्र - अंकित मिश्रा, कवि और शिक्षक

 

प्यारे दोस्तों,


विविधताओं और संभावनाओं से भरी इस दुनिया में हम सभी भांति- भांति के पौधों और
दरख्तों जैसे हैं।

जिनमें देश का भविष्य, समाज की उम्मीद और मानवीयता समाई हुई है। मैं तुमसे किसी परीक्षा में फेल या पास होने या अमुक प्रतिशत अंकों की बात नहीं करना चाहता, मैं तुम्हारे मन, तुम्हारे सपनों और इस दुनिया को और बेहतर बनाने में तुम क्या कर
सकते हो? यह बात करना चाहता हूँ।


मुझे लगता है कि हमें अपने सपनों को पूरा करने और एक बेहतर समाज के लिए खुद को तैयार करने में किताबें बहुत मदद करती हैं। हमारा जो भी व्यक्तित्व बनता है, उसमें किताबों का योगदान महत्वपूर्ण है।

हर पुस्तक एक अलग दिशा में खुलती हुई खिड़की है, जो तुम्हें दुनिया के नए रंग, अलग-अलग परिप्रेक्ष्य दिखाती है।

  • पढ़ते समय केवल शब्दों को या उस कहानी को याद मत करो वरन उसमें छिपे अर्थों, भावनाओं और संदेश को समझने की कोशिश करो।
  • जो तुम पढ़ते हो, उसे अपने जीवन, अपने परिवार और अपने आसपास की दुनिया से जोड़ो।

ऐसी पढ़ाई केवल जानकारी नहीं, बल्कि असल ज्ञान बनती है।

इस प्रक्रिया में सवाल आने जरूरी हैं।

मन में उठने वाले हर सवाल को केवल अपने अंदर तक मत रहने दो, जब तुम पूछते हो “यह क्यों हुआ?, क्या इससे बेहतर कुछ हो सकता है?, “क्या यह
सबके लिए उचित होगा?

तो तुम केवल उत्तर नहीं खोजते, तुम सोचना सीखते हो।

जवाब देना सीखते हो। किस तरह का जबाव देना ठीक होगा या कई तरह के जवाब कैसे दिये जाएँ? ये सारी बातें सीख पाते हो।

याद रखो, दुनिया की हर बड़ी खोज, हर अच्छा बदलाव और हर नया रास्ता किसी न किसी बच्चे के एक सरल सवाल से ही शुरू हुआ है।


कभी-कभी तुम्हें लग सकता है कि तुम छोटे हो, तुम्हारी बात कोई सुनेगा नहीं, पर इसका अर्थ यह नहीं कि तुम कोशिश करने से पीछे हट जाओ। तुम्हारी आवाज़ मायने रखती है।

जब तुम सही बात कहते हो, गलत का विरोध करते हो और अपने विचार विनम्रता व आत्मविश्वास से रखते हो, तो हर बात सुनी जाती है। ऐसे ही प्रयासों से हमें आत्मविश्वास
मिलता है। लेकिन हमें यह भी ध्यान रखना होगा कि यह आत्मविश्वास अहंकार में ना बादल जाए। यह उस भरोसे का नाम है जो तुम्हें एकबार असफल होने पर भी दोबारा कोशिश करने के लिए प्रेरित करता है।


आज के देश-समाज को लेकर मेरे तुम सभी से कुछ आग्रह भी हैं। ये आग्रह तुम्हें अपने सपनों के पूरा होने की राह में कुछ सीढ़ियों जैसे लग सकते हैं।

सच बोलना, कठिन परिस्थितियों भी में ईमानदार रहना, किसी की मदद करना, बड़ों का सम्मान व छोटों से प्रेम करना और प्रकृति की रक्षा करना, ये बातें केवल नैतिक शिक्षा के पाठ नहीं हैं। ये वे मूल्य हैं जो तुम्हें एक
बेहतर इंसान और एक अच्छा नागरिक बनाते हैं। जो बच्चा आज छोटे-छोटे कामों में ईमानदारी दिखाता है, वह कल देश के लिए बड़े और भरोसेमंद फैसले ले सकता है।

देश केवल झंडा, गान या जमीन का टुकड़ा भर नहीं है। देश वह है, जहाँ हम रहते हैं, खेलते-बड़े होते हैं और अपने सपने देखते और उन्हें जीते हैं। इसलिए उसका ध्यान रखना हम सबकी ज़िम्मेदारी है। साफ-सफाई, पानी की बर्बादी रोकना, पेड़ लगाना, बुजुर्गों की मदद करना,
सड़क पर नियम मानना और भेदभाव न करना, ये सभी देशप्रेम के व्यावहारिक रूप हैं।

  • देश को बड़े भाषणों से नहीं, छोटे-छोटे अच्छे कामों से आगे बढ़ाया जाता है।
  • हमारे अंदर संवेदनशीलता का भाव कोई कमजोरी नहीं बल्कि हृदय की वह शक्ति है जो समाज को सहजता से भरा, सुंदर और न्यायप्रिय बनाती है।

मेरे दोस्तों, तुम जैसे सोचोगे और प्रगति करोगे, देश वैसे ही उन्नति करेगा, तुम्हारे सपने देश के सपने हैं।

उन्हें पढ़ाई, परिश्रम, साहस, ईमानदारी और प्रेम से पूरा करो।

तुम्हारा भविष्य उज्ज्वल हो, तुम्हारे सवाल सार्थक हों और तुम्हारा हृदय सदा देश व मानवता के लिए जागता रहे।


तुम्हारा दोस्त


अंकित
उत्तराखण्ड

अंकित  मिश्रा जी हिन्दी विषय के विद्यार्थी हैं| उनका काम कक्षा- कक्ष में ऐसे हिन्दी शिक्षण को लेकर उन्मुख है जिसमें भाषाई कौशलों की सर्वोत्तम स्थिति बच्चों को हासिल कराई जा सके| उन्हें सम- सामयिक विषयों पर कविताएँ लिखना भी पसंद है|

अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं और बच्चों तक अपनी समझ/बात पहुँचाने के निमित्त व्यक्तिगत क्षमता में लिखे गए हैं, इन्हें किसी भी संगठन की राय न माना जाए|  


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं

Read More
प्रिय बच्चों के नाम पत्र - सुनील कुमार वर्मा, प्रबंधक, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण

प्यारे बच्चों, 

जिंदगी में ये जो बचपन का कीमती तोहफा मिला हैं सभी इसको जी भर के जियो

बच्चों, खूब पढ़ो, खेलो कूदो, और अपनी सेहत का सबसे पहले ध्यान रखो. सेहत है तो जीवन में वह बहुत कुछ जो सार्थक है हासिल किया जा सकता है|

जिंदगी को सार्थक करने के लिए सिर्फ शिक्षित ही नहीं होना हैं , बल्कि संवेदनशील, स्पष्टाजनित आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और आज से लेकर भविष्य तक एक बेहतरीन  नागरिक बनना भी जरुरी है।

बच्चों, जिंदगी के हर एक पल को मुस्कुराकर जीना हैं, और अपने बचपन को अपने दिल मे सारी जिंदगी जिन्दा रखना हैं क्यूंकि जीने का मजा तो बचपन मे ही हैं. जीत हार तो चलती रहती हैं लेकिन जीवन मैं वही सफल हैं जो हर एक परिस्तिथि का सामना मुस्कुरा कर करते हुए एक अच्छा इंसान बने.

माता पिता को संबोधित कुछ पंक्तियां  :-  हम चाहते हैं कि हमारा बच्चा अच्छी शिक्षा के साथ, अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त करे जिसके लिए विद्यालय के साथ घर परिवार से बच्चों को ऐसा माहौल दिया जाये की वो कुछ भी बनने से पहले एक संवेदनशील और न्यायप्रिय इंसान बने, इसके लिए बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ आपसी सम्मान और प्रेम के संस्कार और नैतिक मूल्यों की की समझ और प्रासंगिकता की शिक्षा दी जाए। बच्चों की प्रतिभा, रुचि और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया जाए।

सभी बच्चों के खूबसूरत बचपन, अच्छी सेहत, बेहतर वर्तमान और अच्छे भविष्य के लिए बहुत बहुत शुभकामनाये

-सुनील कुमार वर्मा

श्री सुनील कुमार वर्मा सर, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण में बतौर प्रबंधक (सी.एन.एस) अपनी सेवाएँ दे रहे हैं, वह बच्चों को बेहतर और संपोषी माहौल देने के पक्षधर हैं और समय समय पर विभिन्न जन कल्याणकारी संस्थाओं के मंच से जनहित के कार्यों में अपना योगदान देते रहते हैं|   

अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं और बच्चों तक अपनी समझ/बात पहुँचाने के निमित्त व्यक्तिगत क्षमता में लिखे गए हैं, इन्हें किसी भी संगठन की राय न माना जाए|  


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं

Read More
प्रिय बच्चों के नाम पत्र - विनय जोशी, शिवालिक चिल्ड्रन साइंस फाउंडेशन

15 वर्ष से ऊपर के पाठकों के लिए-

 

प्यारे बच्चों,

सीखना हमेशा से एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया रही है। जीवन के प्रत्येक पड़ाव में मनुष्य कुछ न कुछ सीखता रहता है, कुछ सिखाता रहता है।

मैं भौतिकी(फिजिक्स) का विद्यार्थी रहा हूँ और मेरा हमेशा ये प्रयास रहता है कि तुमको भौतिकी के साथ-साथ जीवन के सूत्र भी सरलता से समझा सकूँ।

जिस प्रकार प्रत्येक पदार्थ के कणों के बीच कार्य करने वाला आकर्षण बल ही उन्हें एक-दूसरे से जोड़कर रखता है, उसी प्रकार प्रेम भी एक ऐसा बल है जो लोगों को एक साथ जोड़कर रखता है।

तुम अपनी जिंदगी में बहुत कमाल की चीजें अनुभव करने वाले हो। दुनिया बहुत बड़ी है और यकीन मानो, ये सिर्फ हमारे चारों तरफ नहीं घूमती, दुनिया में एक से के बेहतरीन लोग हैं, इसलिए नम्र बने रहना, सीखते रहना और दूसरों से प्रेम करना सीखना।

जैसे किसी द्रव (जैसे कि पानी या तेल) में डाली गई वस्तु अपने आयतन के बराबर द्रव विस्थापित करती है और उस पर उत्प्लावक बल (Upthrust) ऊपर की और लगता है, जैसे कि पानी में जहाज पर ऊपर की और बल लगता है और वह डूबता नहीं, वैसे ही हम सब भी एक बड़े जीवन सागर में अपने-अपने हालातों, पसंद न पसंद से जुड़े हुए संघर्षों को अपने साथ लेकर ही आगे बढ़ते हैं।

कुछ पल ऐसे भी आएँगे, जब तुम खुद को बिल्कुल अकेला, थका हुआ और हारा हुआ महसूस करोगे, याद रखना, वही पल असली परीक्षा के होते हैं। उसी वक्त तुम्हें उठ खड़ा होना है, खुद की प्रेरणा खुद बननी है, किसी के आने, समझाने या सहारा देने का इंतजार मत करना।

भौतिकी में बताया जाता है कि पृथ्वी पर नाभिकीय विखंडन (Nuclear Fission) करना आसान है, परंतु नाभिकीय संलयन (Nuclear Fusion) के लिए अपार ऊर्जा की आवश्यकता होती है। ठीक उसी प्रकार किसी इंसान से किसी सतही कारण पर खुद को अलग कर लेना आसान है, जबकि दो व्यक्तियों का सच्चे मन से एक दूसरे के भले, उन्नति और समृद्धि के लिए जुड़ना और सहयोग करना कठिन मालूम होता है क्योंकि सतही कारण एक इंसान को दुसरे इंसान से बांटने का की काम करते हैं, हमें इन बांटने वाले कारणों से ही होशियार रहना है और एक दूसरे के भले और शांति के लिए सह अस्तित्व के गुर को सीखना है।

जिंदगी में जब भी टकराव की स्थिति हो, चाहे वह हितों का टकराव हो या विचारों का, इच्छाओं का तो , तो घबराना मत, हिम्मत मत हारना, और स्पष्टता हासिल करना, पढ़ना और समझना और आगे बढ़ना क्योंकि उस टकराव के बाद जो अवस्था आती है, स्पष्टता से भरी राहत वाली होती है।

जब जिंदगी में आगे बढ़ो, तो याद रखना — तुम्हारे भीतर एक हृदय भी धड़कता है। इतने कठोर मत बन जाना कि अपने अंदर बैठे संवेदनशील इंसान को पहचानना भूल जाओ। मजबूत बनना, पर पत्थर नहीं।

ज़्यादा नहीं लिखूँगा, बस यह सदैव ध्यान रखना कि यह दुनिया कभी भी उतनी आदर्श (Ideal) नहीं रही, जितनी भौतिकी में परिकल्पित की जाती है। यह दुनिया हमारे चारों तरफ नहीं घूमती, और भी बहुत लोग और कारण हैं|

इसलिए विनम्र बने रहना और प्रेम करना सीखना।

अंत में एक शेर के साथ छोड़ चलता हूँ, 

 

"गिरते हैं शह - सवार ही मैदाने जंग में,

वो तिफ्ल क्या गिरे जो घुटनों के बल चले।"

 

शह-सवार → घुड़सवार  

तिफ्ल → छोटा बच्चा

 

- विनय जोशी

विनय जोशी जी, शिवालिक चिल्ड्रन साइंस फाउंडेशन के सह-संस्थापक एवं सचिव हैं। यह संस्था बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुभवात्मक अधिगम तथा वैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।

वह पेशे से भौतिक विज्ञान के शिक्षक हैं। उन्होंने भौतिक विज्ञान में स्नातकोत्तर (M.Sc.) तथा शिक्षा में स्नातक (B.Ed.) की उपाधि प्राप्त की है। उन्हें वर्ष 2018 में आयोजित राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में राष्ट्रीय पुरस्कार (National Award) से सम्मानित किया गया था।

अपने शिक्षण कार्य और सामाजिक पहलों के माध्यम से वे बच्चों एवं युवाओं को जिज्ञासु बनने, खोज करने, प्रयोग करने, प्रश्न पूछने तथा अपने भीतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित करने का प्रयास करते हैं।

 

अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं और बच्चों तक अपनी समझ/बात पहुँचाने के निमित्त व्यक्तिगत क्षमता में लिखे गए हैं, इन्हें किसी भी संगठन की राय न माना जाए|  


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं

Read More
प्रिय बच्चों के नाम पत्र - श्वेता दिगारी, निरीक्षक उत्तराखंड पुलिस

मेरे प्यारे बच्चों,

अच्छे हैं ना आप सभी?

उम्मीद है आप सभी भली भांति (बहुत अच्छे से) अपना बचपन जी रहे होंगे|

मैं जानती हूं आप अभी तक अपने जीवन में जरुर कुछ लिख-पढ़ और समझ चुके होंगे, याद रखें जीवन में केवल पढ़ना लिखना ही जरूरी नहीं है अपितु उसे समझना भी जरूरी है और उतना ही जरूरी है पढ़ाई लिखाई से अलावा कुछ बातें।

जिनमे खेल भी बहुत आवश्यक है ताकि आप मानसिक रूप के साथ-साथ शारीरिक रूप से भी मजबूत बन सकें, खेल की भावना से परिचित हो सकें, सक्षम बन सकें।एक बात याद रखना बहुत जरूरी है बच्चों " जो भी करो जो भी करो उसे मन लगाकर करो उसमें अपना संपूर्ण लगा  दो"  लेकिन साथ ही साथ एक बात जो कभी भूल नहीं चाहिए वह यह है कि "जीवन को सही दिशा प्रदान करने के लिए पढ़ाई लिखाई यानी कि ज्ञान प्राप्त करना बहुत जरूरी है।"

   जानती हूं बच्चों, जीवन में परीक्षाएं आती रहती हैं, कुछ परीक्षाएं आसान होती हैं लेकिन कुछ परीक्षाएं कठिन भी होती हैं, है ना?

तो मुझे विश्वास है कि आप अपने ज्ञान, हिम्मत, स्पष्टता एवं कौशल से जीवन में आने वाली प्रत्येक परीक्षा या कठिनाई के ऊपर विजय प्राप्त कर लेंगे और अपने जीवन को सार्थक बनाएंगे।

अंत में बस इतना कहना चाहूंगी,

जीवन जब भी आपको knock out कर नीचे गिरा दे तो वहीं गिरे नहीं रहना है, हर बार वापस उठना है और फिर से लड़ना है।

बस इतना ही ,आप खूब पढ़ें, लिखे, सीखें, खेलें, समझें, और एक संवेदनशील इंसान बने, परपीड़क ना बनें ।

 

- श्रीमती श्वेता दिगारी

लेखिका उत्तराखंड पुलिस में निरीक्षक के पद पर अपनी सेवाएँ दे रही हैं और पढ़ने-लिखने में रूचि रखने, अपने स्टाफ के भले और बेहतरी के लिए कार्य करने वाली एक संवेदनशील महिला पुलिस अधिकारी हैं| 

अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं और बच्चों तक अपनी समझ/बात पहुँचाने के निमित्त व्यक्तिगत क्षमता में लिखे गए हैं, इन्हें किसी भी संगठन की राय न माना जाए|  


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं

 

Read More