Article

प्रिय बच्चों के नाम पत्र - सौम्या गुप्ता, लेखिका

हमारे प्यारे बच्चों,

             मैं तुम्हारी सौम्या दीदी, मैं इस पत्र के द्वारा तुम सबसे बात करना चाहती हूँ।

बच्चों आपको याद है जब आप बोल नहीं पाते थे तो आप भूख लगने पर क्या करते थे? आपका जवाब होगा कि रोते थे। ये रोना एक भाव है साथ ही हंसना, उत्साहित होना भी।

            आप जब स्कूल से आते हो तो अपनी मम्मा से, पापा से, दादा-दादी या भाई-बहन से अपनी बातें साझा करते हो। लेकिन क्या सच में ये बातें भी होती हैं, जैसे कि आपको स्कूल में कुछ अच्छा लगता है या बुरा, और यही अच्छा या बुरा लगना भावनाएँ हैं। हमें इस पर जरुर बात करनी चाहिए और समझना चाहिए कि हमें कुछ भी अच्छा या बुरा क्यों लगता है|

              आपको पत्र लिख रही हूँ तो एक बात जो बार बार याद आ रही है वो है कि आपको तो दोस्तों के साथ खेलना, सबसे बात करना, पढ़ना इन सबसे ज्यादा एक बात अच्छी लगती है, वो है मोबाइल देखना। आपको ये मोबाइल देखना सबसे अच्छा लगता है। आप उससे किसी से भी बात कर पाते हो, गेम्स भी खेलते हो और रील्स और वीडियोज भी देखते हो।

             क्या आपको पता है? अगर हमें पहले अपनी बातें, कोई बहुत अच्छी बात या बुरी बात अगर किसी दूर बैठे व्यक्ति को बतानी होती थी तो हम चिट्ठी या पत्र लिखते थे और उसे पोस्ट बॉक्स में डालकर, कभी हफ्तों और कभी महीनों, उसके जवाब का इंतजार करते थे, लेकिन वो भी बहुत अच्छा लगता था। फिर हमारे पास टेलीफोन आ गए जिससे हम सिर्फ दूर बैठे इंसान से बात कर सकते थे। उसके बाद की पैड वाला मोबाइल फ़ोन जिससे हम बात के साथ टाइप करके मेसेज या सन्देश भी भेज पाते थे। उसके बाद स्लो इन्टरनेट स्पीड वाले मोबाइल फ़ोन, जिनमें अपनी जरुरत की जानकारी के लिए गूगल जैसे सर्च इंजन पर ब्राउज करने की सुविधा आ गयी| आज हमारे हाथ में जो मोबाइल है, उसपर बोलते ही ढेर सारी जानकारी या इनफार्मेशन मिल जाती है।

 

                  मोबाइल या कोई भी तकनीक बुरी नहीं होती है, उसका इस्तेमाल आप किसलिए करते हैं, जैसे आप मोबाइल से अपने आगे पढ़ाए जाने वाले पाठ के बारे में पहले से जान सकते हैं, उसे बेहतर समझने में इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर देश दुनिया के अलग-अलग जगहों के लोगों के रहन सहन, जीवन और कठिनाइयों और प्रयोगों को समझ सकते हैं, कुछ बेहतर सीख सकते हैं उनसे, उससे डांस सीख सकते हैं, एक हद तक गाना सीख सकते हैं, सिलाई और बहुत तरह के हुनर सीख सकते हैं, शतरंज  जैसे खेल और न जाने क्या-क्या स्किल्स सीख सकते हैं। अगर आप ऐसा ही कुछ करते हैं तो इस बात के लिए मैं आपको शाबाशी देती हूँ पर अगर आप सिर्फ मन बहलाने के लिए रील्स या वीडियोज देखते हैं तो मैं  आपकी तारीफ नहीं कर पाउंगी, मेरी नज़र में समझदारी की बात नहीं, अगर आप मोबाइल से नहीं सीखना चाहते तो कहानियों की किताबें पढ़िए, पत्रिकाएं पढ़िये, जाने माने लेखक डॉ विजय अग्रवाल कहते हैं कि हर कहानी सच्ची भले न हो उसमें कुछ सच्चाई जरूर होती है, वीडियो गेम्स खेलिए, गतिविधियों से जुड़े गैजेट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। पर मोबाइल के नशे में मत पड़िए। ये आपकी आंखों से लेकर पूरे नर्वस सिस्टम, आपके दिमाग और सबसे जरूरी आपकी मेंटल हैल्थ को प्रभावित करता है। आप चिड़चिड़े से हो सकते हैं, पाठ जल्दी याद नहीं होते और कुछ भी सीखने में बहुत ज्यादा समय लग सकता है, धीरे-धीरे आंखों की रोशनी कमजोर पड़ने लगती है और भी बहुत सारे प्रभाव आपके शरीर और मस्तिष्क पर पड़ते है।इसीलिए मैं कहूँगी कि 

मोबाइल की स्क्रीन का पीछा छोड़ो,

किताबों और खेलों से नाता जोड़ों, 

दोस्तों संग मचाओ उछल-कूद,

दादी-नानी से सुनो कहानी, 

पंछी कैसे उड़ते हैं, 

तारे क्यों टिमटिमाते हैं, 

देखो सबकुछ फिर सोचो, 

अपने प्रश्नों को पूछो,

इधर-उधर की बात करो कुछ, 

अपने मुख को तो खोलो,

कुछ अच्छा सीखो और देखो, 

पर मोबाइल कम से कम देखो। 

 

अनेकानेक शुभकामनाओं के साथ 

तुम्हारी सौम्या दीदी

 

 

अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं और बच्चों तक अपनी समझ/बात पहुँचाने के निमित्त व्यक्तिगत क्षमता में लिखे गए हैं, इन्हें किसी भी संगठन की राय न माना जाए|


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं