15 वर्ष से ऊपर के पाठकों के लिए-
प्यारे बच्चों,
सीखना हमेशा से एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया रही है। जीवन के प्रत्येक पड़ाव में मनुष्य कुछ न कुछ सीखता रहता है, कुछ सिखाता रहता है।
मैं भौतिकी(फिजिक्स) का विद्यार्थी रहा हूँ और मेरा हमेशा ये प्रयास रहता है कि तुमको भौतिकी के साथ-साथ जीवन के सूत्र भी सरलता से समझा सकूँ।
जिस प्रकार प्रत्येक पदार्थ के कणों के बीच कार्य करने वाला आकर्षण बल ही उन्हें एक-दूसरे से जोड़कर रखता है, उसी प्रकार प्रेम भी एक ऐसा बल है जो लोगों को एक साथ जोड़कर रखता है।
तुम अपनी जिंदगी में बहुत कमाल की चीजें अनुभव करने वाले हो। दुनिया बहुत बड़ी है और यकीन मानो, ये सिर्फ हमारे चारों तरफ नहीं घूमती, दुनिया में एक से के बेहतरीन लोग हैं, इसलिए नम्र बने रहना, सीखते रहना और दूसरों से प्रेम करना सीखना।
जैसे किसी द्रव (जैसे कि पानी या तेल) में डाली गई वस्तु अपने आयतन के बराबर द्रव विस्थापित करती है और उस पर उत्प्लावक बल (Upthrust) ऊपर की और लगता है, जैसे कि पानी में जहाज पर ऊपर की और बल लगता है और वह डूबता नहीं, वैसे ही हम सब भी एक बड़े जीवन सागर में अपने-अपने हालातों, पसंद न पसंद से जुड़े हुए संघर्षों को अपने साथ लेकर ही आगे बढ़ते हैं।
कुछ पल ऐसे भी आएँगे, जब तुम खुद को बिल्कुल अकेला, थका हुआ और हारा हुआ महसूस करोगे, याद रखना, वही पल असली परीक्षा के होते हैं। उसी वक्त तुम्हें उठ खड़ा होना है, खुद की प्रेरणा खुद बननी है, किसी के आने, समझाने या सहारा देने का इंतजार मत करना।
भौतिकी में बताया जाता है कि पृथ्वी पर नाभिकीय विखंडन (Nuclear Fission) करना आसान है, परंतु नाभिकीय संलयन (Nuclear Fusion) के लिए अपार ऊर्जा की आवश्यकता होती है। ठीक उसी प्रकार किसी इंसान से किसी सतही कारण पर खुद को अलग कर लेना आसान है, जबकि दो व्यक्तियों का सच्चे मन से एक दूसरे के भले, उन्नति और समृद्धि के लिए जुड़ना और सहयोग करना कठिन मालूम होता है क्योंकि सतही कारण एक इंसान को दुसरे इंसान से बांटने का की काम करते हैं, हमें इन बांटने वाले कारणों से ही होशियार रहना है और एक दूसरे के भले और शांति के लिए सह अस्तित्व के गुर को सीखना है।
जिंदगी में जब भी टकराव की स्थिति हो, चाहे वह हितों का टकराव हो या विचारों का, इच्छाओं का तो , तो घबराना मत, हिम्मत मत हारना, और स्पष्टता हासिल करना, पढ़ना और समझना और आगे बढ़ना क्योंकि उस टकराव के बाद जो अवस्था आती है, स्पष्टता से भरी राहत वाली होती है।
जब जिंदगी में आगे बढ़ो, तो याद रखना — तुम्हारे भीतर एक हृदय भी धड़कता है। इतने कठोर मत बन जाना कि अपने अंदर बैठे संवेदनशील इंसान को पहचानना भूल जाओ। मजबूत बनना, पर पत्थर नहीं।
ज़्यादा नहीं लिखूँगा, बस यह सदैव ध्यान रखना कि यह दुनिया कभी भी उतनी आदर्श (Ideal) नहीं रही, जितनी भौतिकी में परिकल्पित की जाती है। यह दुनिया हमारे चारों तरफ नहीं घूमती, और भी बहुत लोग और कारण हैं|
इसलिए विनम्र बने रहना और प्रेम करना सीखना।
अंत में एक शेर के साथ छोड़ चलता हूँ,
"गिरते हैं शह - सवार ही मैदाने जंग में,
वो तिफ्ल क्या गिरे जो घुटनों के बल चले।"
शह-सवार → घुड़सवार
तिफ्ल → छोटा बच्चा
- विनय जोशी
विनय जोशी जी, शिवालिक चिल्ड्रन साइंस फाउंडेशन के सह-संस्थापक एवं सचिव हैं। यह संस्था बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुभवात्मक अधिगम तथा वैज्ञानिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।
वह पेशे से भौतिक विज्ञान के शिक्षक हैं। उन्होंने भौतिक विज्ञान में स्नातकोत्तर (M.Sc.) तथा शिक्षा में स्नातक (B.Ed.) की उपाधि प्राप्त की है। उन्हें वर्ष 2018 में आयोजित राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में राष्ट्रीय पुरस्कार (National Award) से सम्मानित किया गया था।
अपने शिक्षण कार्य और सामाजिक पहलों के माध्यम से वे बच्चों एवं युवाओं को जिज्ञासु बनने, खोज करने, प्रयोग करने, प्रश्न पूछने तथा अपने भीतर वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित करने का प्रयास करते हैं।
अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं और बच्चों तक अपनी समझ/बात पहुँचाने के निमित्त व्यक्तिगत क्षमता में लिखे गए हैं, इन्हें किसी भी संगठन की राय न माना जाए|
अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें
फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |
शुभकामनाएं