Article

प्रिय बच्चों के नाम पत्र - सुमित पाण्डेय, शिवालिक चिल्ड्रन साइंस फाउंडेशन

प्रस्तुत है आप सबके लिए, आगामी संकलन, " पौध - छोटी सी पुस्तक, बड़ी सी दुनिया " से एक अंश

प्रिय बच्चों,

जब धरती पर पहली बार किसी बच्चे की हँसी गूँजी होगी, तो मुझे लगता है कि वह दुनिया की पहली प्यारी कविता बन गयी होगी।

​प्यारे बच्चों, तुम्हारी यह छोटी-सी उम्र और तुम्हारी ये चमकती आँखें सिर्फ एक दौर नहीं हैं, बल्कि हम सबके आने वाले कल की सबसे बड़ी उम्मीद हैं। जब मैं तुम्हें आसमान के तारों को ताकते या ज़मीन पर किसी नन्ही चींटी को मेहनत करते देखता हूँ, तो मुझे साफ दिखता है कि तुम सब कितने खास हो। सच कहूँ तो, इसी रुद्रपुर और हल्द्वानी के बीच जब मैं बच्चों के बीच होता हूँ, तो मुझे एहसास होता है किताबी ज्ञान से कहीं ज्यादा कीमती तुम्हारी ये जिज्ञासाएँ हैं।

​मुझे याद है, कुछ महीने पहले जब मैं लालकुआं  के एक स्कूल में विज्ञान की कार्यशाला कर रहा था, तो एक छोटी बच्ची ने मुझसे बहुत मासूमियत से पूछा था—"भैया, जब हम रात को सोते हैं, तो सपने सिर्फ हमारे दिमाग में आते हैं , क्या वो सही में होते है ?" उस एक सवाल ने मुझे घंटों सोचने पर मजबूर कर दिया था। यही तो असली विज्ञान है—चीजों को रटना नहीं, बल्कि उनके पीछे छिपे 'क्यों' और 'कैसे' को टटोलना। जब तुम हर बात पर सवाल पूछना शुरू करते हो, तो तुम उन पुरानी रूढ़ियों को तोड़ देते हो जो हमें आगे बढ़ने से रोकती हैं।

​किताबें पढ़ना जरूरी है, लेकिन शिक्षा सिर्फ चार दीवारों में बंद नहीं होती। शिक्षा तो वह है जो हमें अपने आस-पास के समाज से जोड़े। जैसा कि पीटर ग्रे जैसे विचारकों ने भी कहा है कि बच्चे समाज और प्रकृति के बीच रहकर सबसे बेहतर सीखते हैं। इसलिए, अपने इर्द-गिर्द देखो और हर उस इंसान के काम की इज्जत करना सीखो जो इस दुनिया को चला रहा है—चाहे वह खेतों में पसीना बहाता किसान हो, हमारे स्कूल की सफाई करने वाला कर्मचारी हो, या सीमा पर खड़ा सुरक्षाकर्मी हो। जब तक हम हर छोटे-बड़े श्रम का सम्मान करना नहीं सीखेंगे, तब तक एक अच्छा समाज नहीं बन सकता।

​आजकल हम अक्सर टीवी और अखबारों में बड़ी-बड़ी बातें सुनते हैं, लेकिन सच्ची देशभक्ति नारों में नहीं, बल्कि जमीन पर बसने वाले इंसान से प्यार करने में है। देशभक्ति का मतलब है—सही को सही और गलत को गलत कहने की हिम्मत रखना। अगर कहीं कुछ गलत हो रहा है, तो उस पर सवाल उठाओ। डरो मत।

​तुम सबके अंदर असीम ताकत छिपी है। बस जरूरत है उसे एक सही दिशा देने की। अपने सपनों को कभी छोटा मत समझना। आज जो छोटे-छोटे सपने तुम्हारी आँखों में पल रहे हैं, कल वही इस देश की तस्वीर बदलेंगे। खूब पढ़ो, जी भरकर खेलो, सवाल पूछो और सबसे बढ़कर—एक अच्छे और संवेदनशील इंसान बनो।

​तुम्हारा बड़ा भाई,

सुमित पांडे

(संस्थापक एवं अध्यक्ष, शिवालिक चिल्ड्रेन साइंस फाउंडेशन)

अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखिका के व्यक्तिगत विचार हैं और पाठकों तक अपने अनुभव पहुँचाने के निमित्त लिखे गए हैं, पाठकों के अनुभव इससे भिन्न भी हो सकते हैं|  


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं