Article

प्रिय बच्चों के नाम पत्र - हिमांशु जी (पत्रकार)

प्रस्तुत है आप सबके लिए, आगामी संकलन, " पौध - छोटी सी पुस्तक, बड़ी सी दुनिया " से एक अंश

 

प्यारे बच्चों,

 

उम्मीद है आप सब अच्छे होंगे। बहुत समय से आप सबसे बात करना चाहता था, लेकिन मौका ही नहीं मिल पा रहा था। कुछ दिनों बाद बाल दिवस है, तो सोचा कि उससे पहले आप सबके लिए यह चिट्ठी लिख दूं।

 

आप सबको देखता हूं, तो सोचता हूं कि आजकल बच्चे किन बातों पर चर्चा करते होंगे।

 

WWE, फिल्मी सितारे, क्रिकेटर्स, क्या आज भी ये सब आपकी बातों का हिस्सा हैं? हम तो इन्हीं के बारे में बातें किया करते थे। लेकिन मुझे लगता है कि हमें इन सबके साथ अपने आसपास की नदियों, नालों और कचरे के ढेर के बारे में भी बात करनी चाहिए। आखिर हमारा आने वाला कल इस बात पर भी निर्भर करता है कि हम आज अपने आसपास की प्रकृति का कितना ध्यान रखते हैं। अगर हम आज पानी, पेड़ पौधों, हवा और दूसरी प्राकृतिक चीजों को बचाने की कोशिश करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को भी ये सब अच्छी हालत में मिल पाएगा।

 

टीवी तो आप शायद ही देखते होंगे, क्योंकि अब उसकी जगह मोबाइल फोन ने ले ली है। वीडियो गेम, क्रिकेटर्स और रेसलर्स वाले कार्ड, कैरम और लूडो, पता नहीं ये सब अब भी आपकी दुनिया में शामिल हैं या नहीं।

 

क्रिकेट, फुटबॉल और दूसरे खेल भी क्या अब पहले जितने खेले जाते हैं? कहीं इसकी वजह खेलने की अच्छी जगहों की कमी तो नहीं? या फिर हम मोबाइल में ही इतने खो गए हैं कि बाहर खेलने का समय ही नहीं बचता?

 

बच्चों, क्या आपको पता है कि मोबाइल का ज्यादा इस्तेमाल हमारे शरीर और दिमाग पर असर डाल सकता है? मोबाइल से हम बहुत कुछ सीख सकते हैं, लेकिन अगर हम हर समय उसी में लगे रहें, तो खेलने, पढ़ने और परिवार के साथ समय बिताने का मौका कम हो जाता है।

 

चलो, यह तो हो गई आज की बात। अब बात करते हैं आने वाले कल की।

 

स्कूल की किताबों के अलावा आप और कितनी किताबें पढ़ते हैं?

 

पता है, मैं एक बच्चे को जानता हूं। वह सिर्फ सात साल की उम्र में हजारों किताबें पढ़ चुका है। उसके पास ऐसी सुविधा है कि वह बिना ज्यादा पढ़ाई किए भी आराम से अपनी जिंदगी बिता सकता है। फिर भी वह किताबें पढ़ता है।

 

आओ, मैं आपको बताता हूं कि किताबें पढ़ना इतना जरूरी क्यों है।

 

हम ऐसे समय में जी रहे हैं, जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI तेजी से हमारी जिंदगी का हिस्सा बन रहा है। AI एक ऐसी तकनीक है, जो हमारे सवालों के जवाब दे सकती है, नई चीजें समझने में मदद कर सकती है और हमारे कई काम आसान बना सकती है।

 

लेकिन बच्चों, क्या हर काम के लिए AI पर निर्भर रहना सही होगा? अगर हम हर सवाल का जवाब उसी से पूछेंगे और खुद सोचने की कोशिश ही नहीं करेंगे, तो हम नई बातें कैसे सीखेंगे?

 

AI का इस्तेमाल करना गलत नहीं है। जरूरत इस बात की है कि हम उसका इस्तेमाल करने के साथ अपना दिमाग भी लगाएं। AI से कोई जवाब मिले, तो यह भी सोचें कि वह सही है या नहीं। सवाल पूछें, नई बातें जानें और अपनी समझ बढ़ाएं।

 

यहीं पर किताबें हमारी मदद करती हैं।

 

किताबें पढ़ने से हमें नई नई बातें पता चलती हैं। हम दूसरों की जिंदगी के बारे में जानते हैं, उनकी खुशियां और दुख समझते हैं और दुनिया को देखने का हमारा नजरिया बदलता है। किताबें हमें यह भी सिखाती हैं कि मुश्किल समय में कैसे सोचना है और दूसरों के साथ कैसा व्यवहार करना है।

 

AI हमें बहुत सारी जानकारी दे सकता है, लेकिन उस जानकारी का सही इस्तेमाल करना हमें खुद सीखना होगा। हमें यह समझना होगा कि क्या सही है, क्या गलत है और हमारे काम से दूसरों पर क्या असर पड़ेगा।

 

इसीलिए बच्चों, खूब किताबें पढ़ो, सवाल पूछो और नई चीजें सीखते रहो। AI से डरो मत, उसे समझो और उसका सही इस्तेमाल करना सीखो। अपनी सोच को इतना मजबूत बनाओ कि AI तुम्हारी मदद तो करे, लेकिन तुम्हारे बदले सोचना शुरू न कर दे।

 

तो बच्चों, खूब खेलो कूदो, पढ़ो लिखो और आगे बढ़ो।

 

और हां, मोबाइल बिल्कुल मत छोड़िए। आखिर दुनिया बदल रही है और आपको भी उसके साथ चलना है। मोबाइल से पढ़िए, नई चीजें सीखिए और अपने हुनर को बढ़ाइए। बस इतना जरूर याद रखिए कि मोबाइल आपका इस्तेमाल करे या आप मोबाइल का, यह फैसला आपके हाथ में होना चाहिए।

 

आपका अपना

हिमांशु भैया

 

अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं और बच्चों तक अपनी समझ/बात पहुँचाने के निमित्त व्यक्तिगत क्षमता में लिखे गए हैं, इन्हें किसी भी संगठन की राय न माना जाए|


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं